वैशाली,सराय थाना क्षेत्र के मरीचा गांव में पैसे के विवाद को लेकर पहले पत्नी ने आग लगाकर खुदकशी कर ली। कुछ ही देर बाद पत्नी के वियोग में पति ने भी रस्सी से झूलकर अपनी जान दे दी। मृतक 37 वर्षीय रमेश साह एवं मृतका 35 वर्षीया सुमन देवी उसी गांव के निवासी लक्ष्मण साह के पुत्र एवं पुत्रवधु थे।
आपको बतादें की पति-पत्नी के बीच पत्नी द्वारा किसी से कर्ज में लिए पैसे को लेकर शनिवार की देर रात झगड़ा हुआ था। खाना खाने के बाद पत्नी सुमन देवी ने अपने शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा ली। पत्नी को बचाने गया पति रमेश साह भी आग की लपटों से थोड़ा झुलस गया। पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी।
कुछ देर के बाद जब घर में सो रही बच्ची ने देखा कि साथ में सो रही मां नहीं है, तो घर से बाहर निकलकर देखा कि मां घर के आंगन में जमीन पर पड़ी थी। उसने अपनी दादी को जगाया। जब दादी कमरे से बाहर निकली तो देखा कि पतोहू घर के आंगन में आग से झुलसकर मृत पड़ी है। जब घर से बाहर निकली तो देखा कि बेटा भी घर के बरामदे पर रखी चौकी पर पड़ा है। यह देख दादी बाहर निकल कर चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गये। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना सराय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सराय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचती कि इधर रमेश ने अमरूद के पेड़ में रस्सी लगा कर खुदकशी कर ली।
मृतक रमेश शाह के दो बच्चे हैं – एक नौ वर्ष की बेटी तथा दूसरा छह वर्ष का बेटा है। शुक्रवार को हाजीपुर से अपनी पत्नी को डॉक्टर से दिखा कर घर लाया था। स्थानीय लोगों का कहना था कि रमेश साह शुक्रवार को हाजीपुर से अपनी पत्नी को डॉक्टर से दिखा कर घर लाया था। पत्नी को पेटदर्द की शिकायत थी। रमेश घर पर ही खेती बारी करता था एवं पलदारी का भी काम करता था। कुछ दिन पहले उसने अपने भाई के साथ ट्रक पर सहचालक का काम भी किया था। भाई से विवाद होने पर ट्रक पर रहना छोड़ दिया था। मृतक चार भाई था। बताया जा रहा है कि पत्नी सुमन ने किसी समूह के अलावा गांव के एक-दो लोगों से कर्ज ले रखा था। इस बात की जानकारी पति को नहीं थी। जब शनिवार की रात को गांव के ही एक युवक से पत्नी को बातचीत करते हुए देखा तब उसको मालूम हो गया कि पत्नी गांव के युवक से कर्ज लिए हुए थी। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। उस समय घर के लोगों ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया था। लेकिन पत्नी ने आधी रात के बाद केरोसिन तेल छिड़क कर आग लगा ली।
इस संबंध में सराय थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना गांव के ही सरपंच द्वारा दी गई थी। सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच की जा रही थी कि जानकारी मिली कि पति रमेश ने अमरूद के पेड़ में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। दोनो शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।